क्षेत्रीय
01-Nov-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक 30 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत होने की घटना सामने आई है। बताया गया है कि एयरपोर्ट पर कन्वेयर बेल्ट की जांच करते समय एक तकनीकी पर्यवेक्षक 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा 30 अक्टूबर को हुआ था। एयरपोर्ट पर काम करने वाले मृतक कर्मचारी का नाम दुर्गेश पांडे था। वह अंधेरी पूर्व में रहता था। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्गेश पांडे मुंबई हवाई अड्डे पर कार्यरत था। वह अपने चाचा सुजीत कुमार ओझा के स्वामित्व वाले प्रभात एसोसिएट्स स्टोर में तकनीकी पर्यवेक्षक के रूप में काम कर रहा था। यह हादसा 30 अक्टूबर को शाम पौने बजे हुआ। दुर्गेश अपने सहयोगी दिलीप कुमार सरन के साथ बेल्ट पाथ इंस्पेक्शन का काम कर रहा था। इसके लिए वह लेवल 2 पर फॉल्स सीलिंग पर गया। जांच करते समय दुर्गेश पांडे 25 फीट की ऊंचाई पर अपना संतुलन खो बैठा जिससे वह नीचे गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्गेश पांडे को इलाज के लिए विले पार्ले (पश्चिम) स्थित नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सहारा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। संजय/संतोष झा- ०१ नवंबर/२०२५/ईएमएस