लंदन (ईएमएस)। पूर्वी इंग्लैंड के कैंब्रिजशायर में हंटिंगडन इलाके की एक ट्रेन में अचानक चाकूबाजी से अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 7 बजे कुछ बदमाश ट्रेन में चढ़े और बिना किसी उकसावे के यात्रियों पर चाकू से हमला करने लगे। ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने पुष्टि की कि घटना हंटिंगडन स्टेशन के पास हुई। कैंब्रिजशायर पुलिस के अनुसार बड़ी संख्या में घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन कई को गंभीर चोटें आईं। खतरे को देखते हुए पूरे इलाके की रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दी गई। हंटिंगडन स्टेशन पर सुरक्षा के लिए सेना तैनात की गई है। पुलिस ने दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हमलावरों का मकसद अभी अज्ञात है। यात्रियों के बयानों के मुताबिक जैसे ही चाकूबाजी शुरू हुई, ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। लोग खून से लथपथ दरवाजों की ओर भागे। कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया। ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस रूट पर यात्रा टालें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना को भयावह बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, मैं सभी पीड़ितों के साथ हूं। प्रशासन त्वरित कार्रवाई कर रहा है। गृह सचिव शबाना महमूद ने कहा कि दोनों संदिग्ध हिरासत में हैं। जांच पूरी होने तक अटकलें लगाना उचित नहीं। पूरी जानकारी जल्द साझा की जाएगी। विपक्ष के शैडो गृह सचिव क्रिस फिल्प ने सरकार पर दबाव डाला कि पुलिस को तत्काल पुख्ता अपडेट देना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स में यात्रियों ने बताया कि हमलावर बिना कुछ बोले चाकू घोंपते रहे, जिससे दहशत फैल गई। जांच में जुटी पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/02नवंबर2025