केन्द्र ने दी स्वीकृति : 259 करोड़ की लागत से बंदरिया तिराहा- साई मंदिर तक होगा निर्माण जबलपुर (ईएमएस)। शहर में अब गौरीघाट मार्ग पर दूसरे फलाईओवर के लिए केन्द्र ने मंजूरी दे दी है। 259 करोड़ की लागत से 3 किलोमीटर का फलाईओवर बंदरिया तिराहा से साईं मंदिर के आगे तक बनेगा। इस फलाईओवर का निर्माण केन्द्रीय रिजर्व फंड से होना है। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग इस फंड का निर्माण करेगा। इसके लिए राज्य शासन के स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। पहले फलाईओवर का निर्माण पहले हवाबाग कॉलेज से गौरीघाट के बीच करने की प्लानिंग की जा रही थी, लेकिन खंदारी नाला के समीप मुख्य मार्ग पर रेल लाइन के पुल की ऊंचाई अधिक होने के कारण प्लानिंग में बदलाव किया गया है। गौरतलब हो कि नर्मदा तट गौरीघाट पहुंच मार्ग में बंदरिया तिराहा, रामपुर चौक पर लंबा जाम लगता है। लाईओवर बनने से राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। पर्व के दिनों में लोगों को घंटो इंतजार करना पड़ता है। वहीं गौरीघाट क्षेत्र में तेजी से हो रही बसाहट के कारण भी यहां मागँ पर राहगीरों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। हवाबाग से साईं मंदिर के बीच बनने वाले 3 किलोमीटर लंबे फलाईओवर की चौड़ाई 16 मीटर होगी। इसमें 2 रोटरी भी बनेंगी। एक रोटरी का निर्माण बंदरिया तिराहा में होगा। इसमें दो रैप बनाई जाएंगी। एक रैप गोरखपुर की ओर बनेगी। दूसरी रोटरी रामपुर चौक पर बनाई जाएगी। जिससे होकर एक रैप रामपुर शक्ति भवन की ओर उतरेगी। ये शहर का तीसरा फलाईओवर होगा। .../ 2 नवम्बर/2025