न्यूयॉर्क (ईएमएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव पारित कर मोरक्को की वेस्टर्न सहारा पर स्वायत्तता योजना का समर्थन किया है। यह कदम 50 साल से चल रहे मोरक्को और अल्जीरिया समर्थित पोलिसारियो फ्रंट के विवाद में नई दिशा दे सकता है। संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा तैयार किए गए इस प्रस्ताव में कहा गया है कि मोरक्को की 2007 की स्वायत्तता योजना ही क्षेत्र में स्थायी समाधान की सबसे व्यवहारिक राह हो सकती है। मोरक्को वेस्टर्न सहारा को अपना हिस्सा मानता है, जबकि पोलिसारियो फ्रंट वहां स्वतंत्र “सहारावी गणराज्य” स्थापित करना चाहता है। मतदान में रूस, चीन और पाकिस्तान ने मतदान से परहेज किया, जबकि अल्जीरिया ने हिस्सा नहीं लिया। बाकी 11 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। इसके साथ ही यूएन मिशन मिनर्सो का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। अल्जीरिया ने आपत्ति जताते हुए कहा कि “भविष्य का फैसला वेस्टर्न सहारा की जनता को करना चाहिए, न कि किसी बाहरी शक्ति को।”