भोपाल(ईएमएस)। शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में एक विवाहिता ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर पति पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया गया है की परिवार के बीच पारिवारिक कलह को लेकर बीते छह महीने से विवाद चल रहा है। इस घटना में घायल पति ने पहले अपने सास-ससुर पर चाकू से हमला कर दिया था। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलतः विदिशा जिले के गंजबसौदा का रहने वाला अरविंद वंशकार पिता हरिसिंह वंशकार (32) शादी समारोह में ढ़ोल बजाने का काम करता है। उसकी शादी मधु वंशकार के साथ हुई थी, दपंत्ति के बच्चे भी है। अरविंद वंशकार पहले छोला मंदिर थाना क्षेत्र में ही रहता करता था। पारिवारिक अनबन के चलते उसकी पत्नी पूर्व में उसे छोड़कर मायके जाकर परिजनो के पास रहने चली गई थी। इस बात को लेकर उसका सास चिंता बाई और ससुर गुड्डू लाल से विवाद हो गया था, उस सयम उसने सास-ससुर पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। पुलिस ने उस समय उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्यवाही की थी, हालांकि इस मामले में बाद में परिवार के बीच समझौता हो गया और अरविंद पत्नी को लेकर विदिशा चला गया। कुछ दिन पहले पत्नी वापस मायके में आकर रहने लगी। आरोपी पत्नी, सास-ससुर ने उसे बातचीत के लिये 31 अक्टूबर को ससुराल में बुलाया। अरविंद के यहॉ आने पर एक बार फिर उनके बीच विवाद हो गया, रात करीब नौ बजे झगड़ा बढ़ने पर गुस्साई पत्नि सहित सास-ससुर ने लोहे के पाइप, लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई लगा दी। आरोप है की मारपीट के दौरान ही उसकी कलाई पर चाकू से वार कर उसकी नस काट दी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। बाद में वह घायल हालत में थाने पहुंचा जहॉ पुलिस ने उसका उपचार करवाने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला कायम कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। जुनेद / 10 नवंबर