जम्मू कश्मीर बना केएसई सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का ओवरआल चैम्पियन: विशाल गुप्ता* *अयोध्या में सभी 13 स्वर्ण पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप दुबई में 1 से 14 दिसम्बर तक होंगे शामिल:डॉ. राकेश मिश्र* *उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ का चुनाव संपन्न: राकेश ठाकरान* *यूपी को मिले दो गोल्ड व एक सिल्वर मैडल :* अयोध्या (ईएमएस)। के.एस.ई. कप सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबलों में रोमांच, जोश और जज्बे का अद्भुत संगम देखने को मिला। खिलाड़ियों के पंच पर दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजती रही। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में सहादतगंज स्थित सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के कुल 13 फाइनल मुकाबले खेले गए। मुकाबलों में ओवरआल चैम्पियन जम्मू काश्मीर की टीम रही। सभी भार वर्ग के विजेताओं को उ.प्र. बाक्सिंग संघ के प्रदेश अध्यक्ष विशाल गुप्ता की ओर से ग्यारह हजार व उपविजेता को इक्यावन सौ का नगद पुरूस्कार दिया गया। इसके साथ में कप व प्रशस्ति पत्र देकर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और राष्ट्रीय गौरव की पहचान है। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए निरंतर सार्थक कदम उठा रही है। गांव से लेकर महानगरों तक युवाओं के अंदर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और मंच देने की। इस तरह के आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए पथ प्रदर्शक का कार्य करेंगे। प्रदेश बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में बॉक्सिंग प्रतिभाओं को निखारना है। खिलाड़ियों को सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर देकर उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम पहचान दिलाई जाएगी। *यूपी को मिला दो गोल्ड व एक सिल्वर मैडल :* प्रतियोगिता में पंजाब के रेफरी रणजीत सिंह को बेस्ट रेफरी का, बेस्ट बाक्सर की ट्राफी जम्मू कश्मीर के सचिन को चुना गया। बेस्ट लूजर यूपी जितेन्द्र चुने गये। यूपी को दो गोल्ड व एक सिल्वर कप मिला। 48 किलो भार वर्ग में राजस्थान के देवेन्द्र सिंह सोलंकी ने पंजाब के निर्मल को हराया। 51 किलो भार वर्ग में जम्मू कश्मीर के अंशू ने तमिलनाडु के मुक्केबाज एस. वागीशी को मात दिया। 54 किलो भार वर्ग में पंजाब के मनोज कुमार ने यूपी के जितेन्द्र कुमार को हराकर कप अपने नाम किया। 57 किलो भार वर्ग में जम्मू काश्मीर के मुक्केबाज सचिन ने पंजाब के लोकप्रीत सिंह को शिकस्त दिया। 60 व 63.5 किलो भार वर्ग में यूपी के मुक्केबाजों ने जीत दर्ज किया। मोहित ठाकुर व नितेश कुमार ने जीत दर्ज किया। मोहित ने जम्मू कश्मीर के धर्मेन्द्र तथा नितेश ने जम्मू कश्मीर के शुभम् को पटखनी दी। 67 किलो भार वर्ग में हरियाणा के प्रवीण कुमार ने जम्मू कश्मीर के महेश को हराया। 71 किलो भार वर्ग में जम्मू के यशपाल विजयी रहे। उन्होंने हरियाणा के कृष को कड़े मुकाबले में हराया। 75 किलोभार वर्ग में हरियाणा के अंकित कुमार ने जीत दर्ज की। 80 किलोभार में हरियाणा के प्रवेश कुमार ने त्रिपुरा के राबिन को हराया। 86 किलोभार वर्ग में जम्मू कश्मीर के हरपाल सिंह ने पश्चिम बंगाल के देवेन्दर को शिकस्त दी। 92 किलो भार वर्ग में यूपी के बाक्सर हरीश कुमार के चोटिल होने के कारण असम के आकाश को वाकओवर मिल गया। सुपरहैवी वेट पंजाब के विक्रमजीत सिंह ने हरियाणा के बाक्सर हर्ष गिल को पराजित किया। *अयोध्या में सभी 13 स्वर्ण पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप दुबई में 1 से 14 दिसम्बर तक होंगे शामिल:डॉ. राकेश मिश्र* स्वर्ण पदक विजेता दुबई हेतु 30 नवंबर को दिल्ली से रवाना होंगे।जिनके नाम इस प्रकार हैं: 48 किग्रा – देवेंद्र सिंह सोलंकी (राजस्थान), 51 किग्रा – आशु (जम्मू-कश्मीर), 54 किग्रा – मनोज कुमार (पंजाब), 57 किग्रा – सचिन (जम्मू-कश्मीर), 60 किग्रा – मोहित ठाकुर (उत्तर प्रदेश), 63.5 किग्रा – नितेश कुमार (उत्तर प्रदेश), 67 किग्रा – प्रवीन कुमार (हरियाणा), 71 किग्रा – यशपाल (जम्मू-कश्मीर), 75 किग्रा – अंकित कुमार (हरियाणा), 80 किग्रा – प्रवेश कुमार (हरियाणा), 86 किग्रा – हरपाल सिंह (जम्मू- कश्मीर), 92 किग्रा – आकाश काचानी (असम), +92 किग्रा – बिक्रम जीत सिंह (पंजाब)। अयोध्या में सर्वश्रेष्ठ विजेता तेरह बॉक्सरों को इंडियन एमेच्योर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शानदार प्रदर्शन पर शुभकामनायें दीं। आई बी एल सीज़न के आयोजकों श्री विनोद मिश्र, मनीष कलारिया, युवराज जैन, नीरज रूंगटा, प्रतीक कलारिया, संतोष यादव ने बताया कि इन सबको दुबई में आयोजित होने वाली विश्व चैंपियनशिप में हम सब मिलकर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। *उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ का चुनाव संपन्न: राकेश ठाकरान* उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ की साधारण सभा की बैठक में श्री विशाल गुप्ता को अध्यक्ष, श्री अभिषेक पाल सिंह (सिद्धार्थ नगर) को उपाध्यक्ष, चुना गया, जबकि उपेन्द्र पांडेय(कानपुर) महामंत्री बनाये गये।सह सचिव रमाकांत पांडेय(बस्ती), अभिषेक अग्रवाल(अयोध्या), आशुतोष ओझा(वाराणसी) सहित कार्यकारिणी सदस्यों में अमित गिरि(मेरठ), सत्यम् शुक्ला(प्रयागराज), संजीव राय(संत कबीर नगर), मनीष जायसवाल (प्रयागराज), एवं कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार(लखनऊ) को सर्वसम्मति से चुना गया। .../ 12 नवम्बर/2025