- वाहन चालक से विवाद के बाद 6 लड़कों ने पीटा कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा थाना क्षेत्र में 6 युवकों ने 2 तहसीलदारों को जमकर पीटा। खून से शर्ट लाल हो गई है। बताया जा रहा है कि तहसीलदारों के वाहन चालक से विवाद के बाद पिटाई की गयी है। दोनों तहसीलदार सैलून गए थे, तभी विवाद हुआ। जानकारी के अनुसार हरदीबाजार तहसीलदार और दीपका तहसीलदार से मारपीट की गई है। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों का इलाज नजदीकी चिकित्सालय में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने 4 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। दीपका तहसीलदार और हरदीबाजार तहसीलदार को बताया गया था कि आदर्श नगर स्थित उक्त ब्यूटी पार्लर में नस और हाथ-पैर दर्द के लिए अच्छी मालिश की जाती है। इसके बाद मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों तहसीलदार अपनी अलग-अलग वाहन से पार्लर पहुंचे। इसी दौरान कुछ युवक आए और नशे में वाहन चालक से पार्किंग को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान विवाद बढ़ने लगा तो दोनों तहसीलदार ब्यूटी पार्लर से बाहर आए। तहसीलदारों ने उन युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। समझाइश के दौरान युवकों ने दोनों तहसीलदारों को पीट दिया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। मारपीट के दौरान शर्ट खून से लाल हो गई। तहसीलदारों को निजी चिकित्सालयो में भर्ती कराया गया। मारपीट के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। तहसीलदारों को घायल हालत में निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं वारदात की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले में 307, डकैती सहित अन्य धारा लगाई गई है। तहसीलदारों से मारपीट को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर ली है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।