क्षेत्रीय
12-Nov-2025
...


- हाईसिक्युरिटी जोन पर फिर बोला बदमाशो ने धावा - आईजी इंटेलिजेंस के साथ हो चुकी है लूट भोपाल(ईएमएस)। शहर के हाईसिक्युरिटी जोन चार इमली में बैखौफ बदमाशो ने डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह के बंगले को अपना निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिये और फरार हो गए। घटना के समय डिप्टी कलेक्टर अपने पति के इलाज के सिलसिले में केरल गई हुई थी। वहां से वापस आने पर उन्हें चोरी का पता चला। जॉच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक ई-8/11, चार इमली में रहने वाली अलका सिंह वामनकर पति मिथलेश वामनकर (43) राजस्व आयुक्त कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर के पद पदस्थ हैं। बताया गया है की अलका सिंह के पति मिथलेश वामनकर को बोलने में परेशानी होती है। इसी का इलाज कराने वह बीती 3 नवंबर को परिवार सहित केरल गई थीं। सोमवार (10 नवंबर) की दोपहर जब वे घर लौटीं तो गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवरात गायब थे। इसके बाद अंदर जाकर देखा तो 11 लाख से अधिक के 10 तोले सोने के जेवरात, करीब 40 हजार कीमत की 250 ग्राम चांदी की पायजेब और कीमती घड़ियां सहित अन्य सामान गायब था। घटना की खबर लगते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीमो ने छानबीन कर आरोपियो के सुराग जुटाने का प्रयास किया। बाद में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया। सूत्रो के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है की करीब 15 दिन पहले वह पति के उपचार के लिये केरल गई थीं। इस दौरान मकान में ताले लगे हुए थे, और गार्ड भी नहीं थे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। * हाई सिक्योरिटी जोन है चार इमली - पहले आईजी इंटेलिजेंस के साथ हो चुकी है लूट गौरतलब है की सुरक्षा के मामले में चार इमली शहर का पॉश और हाई सिक्योरिटी एरिया है। यहां आईएएस, आईपीएस और मंत्रियों के निवास हैं। इससे पहले 24 सितंबर को इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष भी लुटेरो का शिकार बन चुके है। घटना के समय आईजी पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे। उसी दौरान पीछे से आये बाइक सवार दो बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। जुनेद / 12 नवंबर