कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण में एक 14 साल की लड़की ने 19वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक लड़की आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। यह घटना कल्याण की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में हुई है। हैरानी की बात यह है कि यह सब उसकी बड़ी बहन के सामने हुआ। मृतक लड़की का नाम रिद्धि खराडे है। इस घटना के बाद हड़कंप मचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याण पश्चिम के हाई-प्रोफाइल सोसाइटी रौनक सिटी में एक लड़की इमारत से नीचे गिर गई। घटना स्थल पर लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना खड़कपाड़ा पुलिस को दी और मौके पर पुलिस पहुंची। घटना को लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की। क्योंकि किसी को नहीं पता था कि लड़की के गिरने के बाद उसके रिश्तेदार उसे किस अस्पताल में ले गए। कक्षा 8 में पढ़ने वाली रिद्धि का स्कूल में ओपन डे था। उसे उसके द्वारा दी गई परीक्षा के अंक दिखाए गए। वह सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में वह स्कूल से घर लौटी। स्कूल से वापस आने के बाद, वह चिंतित थी। उसकी बहन भी स्कूल के ओपन डे कार्यक्रम में गई थी। उसकी माँ ठाणे में काम पर गई थी। वह अपनी माँ, बहन और दादी के साथ रहती थी। स्कूल से आने के बाद वह तनाव में आ गई। उसने अपनी बहन के सामने 19वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना से रौनक सिटी इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।