-पोलैंड के उप विदेश मंत्री बार्तोस्जेवस्की ने भारत दौर पर कही बात नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत और रूस आजादी और उसके बाद भी दोनों देश में गहरे संबंध हैं। जब भी भारत को जरूरत हुई, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रूस उसके साथ खड़ा रहा। अब इस बात को लेकर पोलैंड के राज्य सचिव और उप विदेश मंत्री व्लादीस्लॉ तेओफिल बार्तोस्जेवस्की ने कहा है कि पुतिन, पीएम मोदी की बातों को ध्यान से सुनते हैं। बता दें कि पोलैंड, रूस का पड़ोसी देश और नाटो का सदस्य है, जो पिछले दिनों तब चर्चा में था, जब उसने रूस पर अपने ड्रोन उसकी हवाई सीमा में उड़ाने का आरोप लगाया था। पोलैंड के उप विदेश मंत्री बार्तोस्जेवस्की ने माना कि पुतिन जब भी पीएम मोदी से मिलते हैं, तो उनकी बात ध्यान से सुनते हैं। ऐसे में यूक्रेन युद्ध को लेकर उनकी सलाह वे मान सकते हैं और भारत इसमें अपनी भूमिका निभा सकता है। पोलिश मंत्री ने कहा कि युद्ध और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय की ओर से पुतिन के खिलाफ आरोपों के बावजूद, रूस-भारत संबंधों की गहराई और दोनों देशों की पारंपरिक दोस्ती काफी गहरी है। उन्होंने कहा कि रूस-भारत रिश्ते में रणनीतिक साझेदारी काफी खास है। पोलैंड के उप विदेश मंत्री इससे पहले मार्च 2025 में भारत के दौरे पर आए थे, तब भी उन्होंने ये बात कही थी। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि वे रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत की भूमिका की सराहना करते हैं। पोलैंड जैसे और भी यूरोपीय देश ये बात मानते हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति बहाली और भारत की मध्यस्थ भूमिका से फायदा हो सकता है। दरअसल भारत और चीन ऐसे दो देश हैं, जो इस वक्त रूस के बड़े साझेदार हैं। चाहे वह तेल व्यापार की बात हो या फिर कूटनीतिक स्तर की। ये बात सच है कि भारत से ज्यादा तेल चीन, रूस से खरीदता है और वह यूक्रेन युद्ध रुकवाने में अहम भूमिका निभा सकता है। भारत भी इस बात के लिए कह सकता है कि शांति में सबकी भलाई है। अमेरिका जिस तरह से टैरिफ और दूसरे प्रतिबंधों से भारत-चीन और रूस पर दबाव डाल रहा है, उससे निकलने में शांति वार्ता एक बड़ी भूमिका निभा सकती है। सिराज/ईएमएस 02दिसंबर25