जशपुर(ईएमएस)। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम भट्ठी कोना में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में प्रार्थी पक्ष के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि प्रार्थी का बेटा कुल्हाड़ी के वार से बेहोश हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घटना शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 221/1 के कब्जे को लेकर प्रार्थी सज्जन राम नगेसिया (58) और आरोपी देवनंदन यादव के परिवार के बीच लंबे समय से चल रहा था। 30 नवंबर 2025 को प्रार्थी अपने परिवार के साथ खसरा क्रमांक 221/3 पर घेरा लगाने और हल जोतने गए। इसी दौरान आरोपी पक्ष लाठी-डंडे, पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और लगाए गए खंभों को उखाड़ने लगा। प्रार्थी पक्ष के विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान राजेश यादव ने प्रार्थी के बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। प्रार्थी, उनकी बेटी और अन्य परिवारजन भी घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और एसडीओपी बगीचा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और हालात को नियंत्रित किया गया। घायल व्यक्तियों का इलाज शासकीय अस्पताल बगीचा में चल रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें देवनंदन यादव (68), केशव प्रसाद यादव (66), राजेश यादव (36), रामस्नेही यादव (36) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 और 191(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि बगीचा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और कानून को अपने हाथ में न लें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 दिसम्बर 2025