जयपुर (ईएमएस)। 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक चल रहे राष्ट्रव्यापी जेंडर अभियान ‘नई चेतना 4.0’ की पूर्ण सफलता सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की राज्य मिशन निदेशक श्रीमती नेहा गिरि ने जयपुर में एक उच्च-स्तरीय राज्य-स्तरीय कन्वर्जेंस बैठक ली। इस वर्ष के राष्ट्रव्यापी जेंडर अभियान की थीम महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं : एक विकसित ग्रामीण भारत की ओर समावेशी विकास के लिए आर्थिक सशक्तिकरण है । इसका मुख्य उद्देश्य लिंग-आधारित भेदभाव को जड़ से खत्म करना, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त योद्धा के रूप में स्थापित करना तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित स्थान व सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। श्रीमती नेहा गिरी ने नई चेतना 3.0 के प्रभावी परिणामों की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अब हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता आत्मरक्षा प्रशिक्षण को और व्यापक करना, जिला-स्तरीय योजनाओं को और सटीक बनाना तथा सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने समयबद्ध एमआईएस अपडेट, जिला-केंद्रित जागरूकता अभियान तथा महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और समुदाय के हर सदस्य के लिए सतत क्षमता-निर्माण कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया।विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक महीने के अभियान के लिए अपनी अभिसरण (कन्वर्जेंस) योजनाएँ प्रस्तुत की। पुलिस विभाग ने सुरक्षित गतिशीलता, रात्रिकालीन गश्त, सुरक्षा सखियों की भूमिका, राजकॉप हेल्प एप, पॉक्सो ई-बॉक्स और साइबर सुरक्षा संसाधनों के प्रसार पर जोर दिया। राज्य मिशन डायरेक्टर ने डिजिटल धोखाधड़ी जागरूकता और बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से डिजिटल अरेस्ट जैसे स्कैम पर विशेष ध्यान दिलाया। अशोक शर्मा/5 बजे/ 2 दिसंबर 2025