:: माइलेज अलाउंस में वृद्धि, 6-8 घंटे की कार्य सीमा और OPS बहाली प्रमुख मांगें :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के आह्वान पर देश भर के लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर दी है। यह विरोध प्रदर्शन आज, 2 दिसंबर सुबह 10 बजे से 4 दिसंबर सुबह 10 बजे तक जारी रहेगा। रेलवे रनिंग स्टाफ के सदस्यों ने घोषणा की है कि वे पूरे देश के साथ-साथ उज्जैन मुख्यालय पर भी भूखे रहकर रेलगाड़ियों का निर्बाध गति से संचालन सुनिश्चित करेंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रतलाम मंडल के AILRSA अध्यक्ष मुबारिक हुसैन सिसगर और मंडल मंत्री प्रेमराज मीणा ने इस राष्ट्रव्यापी विरोध के बारे में विस्तृत जानकारी दी। :: लोको पायलटों की मुख्य मांगें :: एसोसिएशन ने भारतीय रेल प्रशासन से कई महत्वपूर्ण मांगों को तुरंत पूरा करने का आग्रह किया है, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं: माइलेज अलाउंस में वृद्धि : 1 जनवरी, 2024 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते (DA) के अनुपात में माइलेज अलाउंस में 25% की वृद्धि और उसका एरियर तत्काल प्रदान करना। किलोमीटर भत्ते पर आयकर : किलोमीटर भत्ते को नियमानुसार 70% आयकर मुक्त किया जाए। कार्य घंटों का निर्धारण : मेल एक्सप्रेस लोको पायलटों से अधिकतम 6 घंटे और मालगाड़ी लोको पायलटों से अधिकतम 8 घंटे कार्य लिया जाए। रात्रि ड्यूटी सीमा : रात्रि ड्यूटी को अधिकतम दो रातों तक सीमित किया जाए। मुख्यालय वापसी : लोको पायलटों को अधिकतम 36 घंटे के भीतर मुख्यालय वापस किया जाए। पेंशन प्रणाली : राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) को रद्द कर पुरानी पेंशन प्रणाली (OPS) को तत्काल बहाल किया जाए। महिला स्टाफ का निराकरण : महिला रनिंग स्टाफ की विशिष्ट शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। रतलाम मंडल के पदाधिकारी, जिनमें मंडल उपाध्यक्ष कमलेश कुशवाहा, सहायक मंडल मंत्री सुनील मीणा और इंदौर शाखा संरक्षक राम निवास यादव, अध्यक्ष लक्की जैन सहित अन्य सदस्य शामिल हैं, ने इस प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है। लोको पायलटों का यह शांतिपूर्ण विरोध सरकार और रेलवे प्रशासन का ध्यान उनकी दीर्घकालिक समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास है। प्रकाश/02 दिसम्बर 2025