राष्ट्रीय
02-Dec-2025


-विमान ने 8 रूट्स पर उड़ान भरी; मामले से जुड़े लोगों को ड्यूटी से हटाया नई दिल्ली(ईएमएस)। एयरलाइन कंपनी एअर इंडिया ने अपने ए 320एनईओ प्लेन को एयरवर्दीनेस सर्टिफिकेट की अवधि खत्म होने के बाद भी उड़ाया। 26 नवंबर को ऑपरेटर ने डीजीसीए को इसकी जानकारी दी। एआरसी किसी भी प्लेन का फिटनेस सर्टिफिकेट होता है। यह ऑफिशियल डॉक्यूमेंट बताता है कि विमान पूरी तरह सुरक्षित और उड़ान के लिए योग्य है। इसे नियमों के अनुसार समय-समय पर जांचा जाता है। फिलहाल, डीजीसीए ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्लेन को तुरंत ग्राउंड (उड़ान से रोकने) के निर्देश दिए हैं। मामले से जुड़े सभी लोगों को ड्यूटी से हटा (डिरोस्टर) दिया है। विस्तारा के मर्जर से जुड़ा मामला ए320नियो विमान पहले विस्तारा एयरलाइन के बेड़े में था। इसे इसे नवंबर 2024 में एअर इंडिया में शामिल कर दिया गया। मर्जर के बाद तय हुआ कि पहला एआरसी सर्टिफिकेट डीजीसीए जारी करेगा। डीजीसीए के अनुसार, अब तक 69 विमानों को एआरसी जारी किया जा चुका है। 70वें विमान को एआरसी के लिए आवेदन मिला था, लेकिन इसी दौरान उसका इंजन बदला जा रहा था। इंजन बदलने के दौरान एआरसी की अवधि खत्म हो गई, लेकिन इंजन चेंज के बाद विमान को रूट्स पर ऑपरेट किया गया। यह एयरलाइन कंपनी की गलती थी। एक साल पहले हुआ था मर्जर भारत की तीसरी बड़ी एयरलाइन विस्तारा ने 11 नवंबर को अपनी आखिरी फ्लाइट का संचालन किया। इसके बाद से विस्तारा के सभी फ्लाइट्स का ऑपरेशन एअर इंडिया कर रही है। विस्तारा एअर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइन की जॉइंट वेंचर है। इसमें सिंगापुर एयरलाइन की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। फिर दोनों का मर्जर हो गया। इसके लिए नवंबर 2022 में डील साइन हुई थी। भारतीय रेगुलेटर कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया की ओर से इसे सितंबर 2023 में मंजूरी मिली थी। मर्जर के बाद मार्केट शेयर के लिहाज से एअर इंडिया ग्रुप इंडिगो के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी डोमेस्टिक एयरलाइन और सबसे बड़ी इंटरनेशनल एयरलाइन बन गई है। विनोद उपाध्याय / 02 दिसम्बर, 2025