* प्रदेश प्रमुख अमित चावड़ा ने सरकार पर लगाया अवैध खनन, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दादागीरी के गंभीर आरोप अहमदाबाद (ईएमएस)| जन आक्रोश यात्रा के बारहवें दिन की शुरुआत पाटण शहर से हुई। इसके बाद यात्रा दूधरामपुरा, दुणावाड़ा, रोड़ा, राधनपुर, वरणा, समी, हारीज, कुकऱाणा और मुजपुर मार्ग होते हुए शंखेश्वर की ओर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अमित चावड़ा ने कहा कि पाटण जिले की नदियों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। खनन माफिया इतने बेखौफ हो गए हैं कि वे खनिज विभाग के अधिकारियों की ट्रैकिंग करते हैं और उनकी जासूसी तक करते हैं। खनन माफियाओं के डंपर लोगों की परवाह किए बिना सड़कों पर उन्हें कुचल देते हैं और यह सब खुलेआम हो रहा है, क्योंकि उनका हप्ता सीधे गांधीनगर तक पहुंचता है। अधिकांश खनन माफिया भाजपा के कार्यकर्ता या उनसे जुड़े लोग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्याह्न भोजन योजना में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होता है। ग्रामजनों के प्रतिनिधित्व करने पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उनके साथ दबंगई की जाती है। दूधसागर डेयरी द्वारा उचित दाम न दिए जाने और सागर्दाण में मिलावट जैसे मुद्दों पर जब पशुपालक विरोध करते हैं, तब डेयरी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर हंगामा मचाते हैं और धमकियां देते हैं। चावड़ा ने कहा कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद इस क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्याएं कायम हैं। जिले में रोजगार के अच्छे विकल्प नहीं हैं। नगरपालिकाएं भ्रष्टाचार के अड्डे बन गई हैं, जहां महिला अध्यक्षों की जगह उनके पति चीफ ऑफिसर के साथ मिलकर पूरा प्रशासन चलाते हैं। सड़कों की हालत अत्यंत खराब है, और अच्छी सरकारी स्कूलों व अस्पतालों का भी क्षेत्र में अभाव है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. तुषार चौधरी ने कहा कि भाजपा ने 30 वर्षों के शासन में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार में केवल कमीशनखोरी चलती है। सरकारी दफ्तरों में बिना कमीशन कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब सभी वर्गों के लोग खुश थे, जबकि आज भाजपा शासन में हर वर्ग का व्यक्ति दुखी है। लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना अत्यंत आवश्यक है। इस कार्यक्रम में सहप्रभारी सुभाषिनी यादव, पाटण के विधायक किरीट पटेल, वडगाम के विधायक जिग्नेश मेवाणी, पाटण जिला कांग्रेस अध्यक्ष गेमर देसाई, पूर्व विधायक चंदनजी ठाकोर, पूर्व विधायक रघु देसाई, वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। सतीश/02 दिसंबर