वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का अपना दावा फिर दोहराया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आठ युद्ध रुकवाए और इसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। ट्रंप ने कैबिनेट बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि हमने आठ युद्ध समाप्त करवाए... और अब हम एक और युद्ध समाप्त करवाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर बार जब मैं कोई युद्ध समाप्त करवाता हूं, तो वे कहते हैं, ‘अगर राष्ट्रपति ट्रंप उस युद्ध को समाप्त कर देते हैं, तो उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलेगा। और अगर मैं उस युद्ध को समाप्त करवा देता हूं, तो वे कहते हैं, ‘ठीक है, उन्हें इस युद्ध के लिए तो नहीं मिलेगा, लेकिन अगर उन्होंने अगला युद्ध रुकवाया, तो उसके लिए उन्हें पुरस्कार जरुर मिलेगा। ट्रंप ने कहा कि अब वे कह रहे हैं, ‘अगर वह कभी रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करवाने में सफल होते हैं, तो उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलेगा। बाकी आठ युद्धों का क्या? भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष सहित उन सभी युद्धों के बारे में सोचिए, जिन्हें मैंने रुकवाया। मुझे हर युद्ध के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए, लेकिन मैं लालची नहीं बनना चाहता। ट्रंप ने कहा कि उन्हें इन युद्धों में मारे जा रहे लोगों की चिंता है। उन्होंने कहा कि 2025 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित की जाने वाली वेनेजुएला की कार्यकर्ता मारिया कोरिना मचाडो पेरिस्का ने कहा था कि ट्रंप नोबेल पुरस्कार के हकदार हैं। बता दें ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि भारत-पाकिस्तान, अमेरिका की मध्यस्थता में हुई घंटों लंबी बातचीत के बाद सैन्य संघर्ष को “पूरी तरह से और तत्काल” समाप्त करने पर सहमत हुए हैं। वह अपने इस दावे को कम से कम 60 बार दोहरा चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने में मदद की। हालांकि, भारत ने किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार करता रहा है। सिराज/ईएमएस 03दिसंबर25