पेरिस (ईएमएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस इन दिनों एक बेहद अनोखी और चर्चित योजना लेकर आई है, जिसे सोशल मीडिया पर लोग मजाक में “आफटर सेलेब्रिटी पास” कह रहे हैं। पेरिस नगर निगम ने एक लॉटरी स्कीम शुरू की है, जिसके तहत आम लोग अपनी मौत से पहले ही यह तय कर सकते हैं कि उनकी कब्र कहां बनेगी और वे किस मशहूर हस्ती के ठीक बगल में दफन होंगे। इस योजना को शहर की तीन सबसे पुरानी और प्रसिद्ध कब्रगाहों में लागू किया गया है पेर लाशैज, मोंटपर्नासे और मोंटमार्ट्रे। ये वे स्थान हैं जहां दुनिया की कई महान हस्तियां दफन हैं, जिनमें ऑस्कर वाइल्ड, जिम मॉरिसन, एडिथ पियाफ और कई प्रसिद्ध कलाकार शामिल हैं। उनकी कब्रों पर आज भी हजारों लोग हर साल फूल, संदेश और मोमबत्तियां छोड़ने पहुंचते हैं। कल्पना कीजिए चाहे जीवन में उनसे कभी मुलाकात न हो सकी हो, पर आखिरी पड़ाव पर उनकी कब्र के ठीक पास आपकी जगह हो सकती है। लेकिन इस “सेलेब्रिटी पड़ोस” में जगह पाना उतना आसान नहीं है, जितना सुनने में लगता है। यह एक प्रीमियम अवसर है और इसके लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। सरकारी जानकारी के अनुसार, किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के बगल वाली जगह पाने के लिए लगभग 4000 यूरो यानी करीब 4 लाख रुपये भुगतान करने पड़ते हैं। इसके साथ ही, कब्र की सफाई, आसपास की देखरेख और रखरखाव जैसी जिम्मेदारियां भी खरीदार को निभानी होंगी। यानी, मरने के बाद भी आपकी जगह और प्रतिष्ठा एक तरह की लक्जरी प्रॉपर्टी की तरह होगी बस अंतर इतना कि यहां रहने वाले कभी शिफ्ट नहीं होते। अब सवाल यह है कि पेरिस सरकार ऐसी योजना क्यों ला रही है? इसके पीछे एक बेहद वास्तविक वजह है शहर में जमीन की भारी कमी। पुराने कब्रिस्तानों में लगभग सभी जगह पहले ही भर चुकी हैं, और स्थानीय लोगों के लिए अपने ही शहर में अंतिम स्थान पाना मुश्किल हो गया है। इसलिए प्रशासन ने यह अनोखी लॉटरी शुरू की, ताकि अंतिम संस्कार की व्यवस्था बेहतर बने, ऐतिहासिक कब्रों की देखभाल संभव हो सके और लोगों को सम्मानजनक अंतिम स्थान मिल सके। योजना के शुरू होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और चुटकुलों की बाढ़ आ गई। कई यूज़र्स ने लिखा “जिंदगी में मिलने का मौका नहीं मिला, कम से कम आखिरी सफर में तो सितारों के पड़ोस का मजा ले लें।” कुछ लोगों ने इसे पेरिस की रियल एस्टेट का नया रूप बताया, जहां अब मृत्यु के बाद की प्रॉपर्टी भी प्रीमियम कैटेगरी में आ गई है। सुदामा/ईएमएस 05 दिसंबर 2025