:: 63वें स्थापना दिवस पर ‘मुख्यमंत्री अदम्य साहसिक कार्य पुरस्कार’ की घोषणा; सिंहस्थ 2028 के लिए 5 हजार से अधिक होमगार्ड की होगी भर्ती :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड्स परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित 63वें होमगार्ड स्थापना दिवस कार्यक्रम में होमगार्ड जवानों की निष्काम सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स को श्रीमद्भगवद्गीता के ‘निष्काम सेवा’ का आदर्श बताते हुए कहा कि आप राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा के शिल्पकार और साढ़े आठ करोड़ मध्यप्रदेशवासियों के प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स हर विपदा में सच्चे संकट मोचन बनकर जनता के साथ खड़े होते हैं। मुख्यमंत्री ने होमगार्ड के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष होमगार्ड्स ने 5075 नागरिकों को जीवनदान देकर मानवता को सुरक्षित रखने का अद्वितीय कार्य किया है और बाढ़ में सैकड़ों लोगों को रेस्क्यू कर देवदूतों की भूमिका निभाई है। :: होमगार्ड हित में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं :: डॉ. यादव ने होमगार्ड जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं: - नया पुरस्कार : कठिन परिस्थितियों में जान-माल की रक्षा करने वाली 10 रेस्क्यू टीमों को प्रतिवर्ष ₹51 हजार का ‘मुख्यमंत्री अदम्य साहसिक कार्य पुरस्कार’ दिया जाएगा। इस वर्ष इंदौर, शिवपुरी, गुना सहित 10 जिलों की टीमों को सम्मानित किया गया। - अवकाश सुविधा : तीन वर्ष में मिलने वाले दो माह के बाध्य काल ऑफ को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया गया। - भर्ती एवं सुरक्षा : सिंहस्थ–2028 को ध्यान में रखते हुए 5,000 से अधिक होमगार्ड भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, महाकाल लोक की व्यवस्था के लिए होमगार्ड के 488 पदों की स्वीकृति दी गई है। - स्थाई आवास : पीपीपी मॉडल और पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत होमगार्ड्स के लिए कार्यस्थल के निकट स्थाई आवास की व्यवस्था की जाएगी। - प्रशिक्षण केंद्र : आपदा प्रबंधन क्षमता को सशक्त करते हुए इंदौर के रालामंडल क्षेत्र को एसडीईआरएफ, होमगार्ड और सिविल डिफेंस के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। - जनजातीय प्रशिक्षण : बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने कंपनी गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जवानों की निष्ठा, वीरता और सेवा को नमन किया। समारोह में होमगार्ड्स द्वारा बोरवेल रेस्क्यू और बिल्डिंग रेस्क्यू का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। समारोह में होमगार्ड्स द्वारा बोरवेल रेस्क्यू और बिल्डिंग रेस्क्यू का लाइव प्रदर्शन किया गया। होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा प्रबंधन विभाग की महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव ने विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में अल्प संख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/06 दिसम्बर 2025