-अभी यह साफ नहीं है कि यह जहाज मानव चलित है या ऑटोनॉमस बीजिंग,(ईएमएस)। दुनिया ने पहली बार चीन की एक रहस्यमय ट्राइमारन यानी तीन पतवारों वाला जहाज देखा। इस तस्वीर में जहाज पानी में तैरता दिख रहा है और विशेषज्ञों के मुताबिक इसे ग्वांगझोउ प्रांत के हुआंग पु शिपयार्ड में देखा गया है। हालांकि इसका उद्देश्य अभी भी साफ नहीं है, लेकिन डिजाइन और विशेषताओं से इसे सामान्य सतही जहाज नहीं कहा जा सकता। यह जहाज सतह पर भी जा सकता है और जरूरत पड़ने पर पानी के अंदर भी गोता लगा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्राइमारन की काली पेंटेड बॉडी में सतही जहाज और सबमरीन दोनों के संकेत हैं। पीछे मौजूद प्रॉपल्सर पम्प जेट सिस्टम जैसा दिखता है, जो लंबी दूरी तय करते समय कम आवाज करता है। जहाज की सैल में संभवतः स्नॉर्कल या एंटीना मौजूद है और सैल व हुल पर दिखाई दे रहे पानी के निशान बताते हैं कि यह जहाज पानी में गोता लगाने में सक्षम हो सकता है। अभी यह साफ नहीं है कि यह जहाज मानव चलित है या ऑटोनॉमस। विश्लेषकों की तीन मुख्य संभावनाएं हैं। यह आर्सेनल शिप हो सकती है जो मिसाइलों या अन्य हथियारों को लॉन्च कर सतह पर दिखाई दे और फिर पानी में गायब हो जाए। यह ड्रोन प्लेटफार्म हो सकता है, जो विटोल ड्रोन लेकर खुले समुंदर में जाकर उन्हें लॉन्च करे। वहीं ऐसी संभावना है कि यह विशेष बलों के ऑपरेशन के लिए है, जैसे तटवर्ती क्षेत्रों में गुप्त प्रवेश या द्वीपों के बीच आवाजाही। इसके अलावा यह सिर्फ तकनीकी परीक्षण या प्रयोगात्मक प्लेटफार्म भी हो सकता है। जहाज तेज नहीं दिखता, लेकिन पम्प जेट, सैल और गोता लगाने की क्षमता इसे गुप्त और असामान्य बनाती है। अगर यह वास्तव में हथियारों, ड्रोन या विशेष ऑपरेशन प्लेटफार्म के रूप में इस्तेमाल होता है, तो पारंपरिक सतही युद्धपोतों की तुलना में यह कहीं ज्यादा सक्षम और छुपा हुआ खतरनाक हो सकता है। सिराज/ईएमएस 07 दिसंबर 2025