इन्दौर (ईएमएस) अखिल भारतीय गीता जयंती सप्ताह एवं दत्त जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी सद्भावना मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक नालिया और राष्ट्रीय समन्वयक रानू मलोरिया (दीपक) के नेतृत्व में एक भव्य समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संतों का सम्मान किया गया। समारोह में समाजसेवा, सद्भावना और राष्ट्रीय एकता की दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने वाले परम पूज्य जगतगुरु शंकराचार्य भानपुरा पीठाधीश श्री ज्ञानानंदजी तीर्थ तथा जगतगुरु अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदायाचार्य शाहपुरा पीठाधीश श्री आचार्य स्वामी रामदयालजी महाराज एवं महामंडलेश्वर दादू महाराज (शनि उपासक) को राष्ट्रीय धार्मिक रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान में गीता प्रतीक चिह्न, शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर संतों ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश में एकता और अखंडता का मार्ग धर्म, गीता के उपदेशों और रामायण के चरित्रों के आदर्शों से ही प्रशस्त होता है। उन्होंने इंदौर के स्वच्छता में अव्वल रहने की सराहना की और कामना की कि भाईचारे में भी भारत विश्व में नंबर एक बने। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि सदाशिव यादव, हुकुमचंद जादम, प्रकाश महावर, शंकरलाल वर्मा, गौरव विकास जोशी, राजेंद्र शुक्ला, गिरीश जोशी, विवेक खंडेलवाल, विजय नाथ, नटवर वर्मा, सरोज मोदी, गिरीश चितले, सन्नी राजपाल, अभिषेक मित्तल, रीना सूर्यवंशी, मोनिक मालवी, युसूफ पठान, विजय मेहरा, अंकित गर्ग सहित अनेक अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आनन्द पुरोहित/ 07 दिसंबर 2025