प्रिटोरिया,(ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीका की राजधानी प्रिटोरिया के पास एक गैर-लाइसेंसी ‘बार’ में कई संदिग्धों द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में 3, 12 और 16 साल के तीन बच्चे शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक 14 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायलों की उम्र या उनकी स्थिति के बारे में कोई विवरण नहीं दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि गोलीबारी शनिवार तड़के प्रशासनिक राजधानी प्रिटोरिया के पश्चिम में सॉल्सविले टाउनशिप के एक छात्रावास के अंदर एक ‘बार’ में हुई। पुलिस ने बताया कि दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 11वें की अस्पताल में मौत हो गई। इसने बताया कि मारे गए बच्चों में दो लड़के और एक लड़की शामिल है। पुलिस ने बताया कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ने कहा कि कम से कम तीन अज्ञात बंदूकधारी इस छात्रावास में घुसे जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इन हत्याओं का मकसद साफ नहीं है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी तड़के करीब चार बजे की गई, लेकिन पुलिस को सुबह छह बजे इसकी सूचना मिली। उन्होंने कहा कि ‘बार’ में गोलीबारी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है और पुलिस ने इस साल अप्रैल से सितंबर के बीच 11,000 से ज्यादा अवैध शराबखानों को बंद कर दिया है और शराब की अवैध बिक्री में संलिप्तता के लिए 18,000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। सिराज/ईएमएस 07दिसंबर25