राज्य
16-Jan-2026
...


- मोबाइल फोन से खुल सकते हैं राज - प्रगति नगर में फंदे पर लटका मिला सिपाही - फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हरदोई (ईएमएस)। हरदोई में तैनात एक सिपाही ने दूसरी शादी के महज 40 दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक सिपाही की पहचान गौरव प्रजापति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम शाहपुर का निवासी था। गौरव वर्ष 2020 बैच का सिपाही था और वर्तमान में हरदोई में न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। गौरव देहात कोतवाली क्षेत्र के प्रगतिनगर मोहल्ले में किराए के कमरे में अकेले रहता था। बुधवार रात यह घटना हुई। गुरुवार सुबह दूध देने आए दूधिए के समय जब पड़ोसी ने गौरव को आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला, तो खिड़की से झांकने पर उसका शव पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की कुंडी तोड़कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, देहात कोतवाल और न्यायालय सुरक्षा प्रभारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पड़ोसियों के अनुसार, गौरव ने चार दिसंबर को दूसरी शादी की थी और जनवरी में इस मकान में रहने आया था। घटना की रात वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। गौरव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था और हाल ही में ओ-लेवल का प्रमाण पत्र लेकर आया था। एएसपी ने बताया कि आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह सहित अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।