राज्य
22-Jan-2026
...


- प्रदेश में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ तेज मिर्जापुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में जिम की आड़ में कथित धर्मांतरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी फरीद से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फाल इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस के अनुसार फरीद ने टीम को देखकर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिम संचालकों के खिलाफ युवतियों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई थी। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार जिम सील किए गए हैं। फरीद इस केस में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। इसी क्रम में प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस की मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। कानपुर में क्राइम ब्रांच और कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में शामली निवासी नियाज अहमद के पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक उस पर 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके फरार साथियों की तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। बहराइच में जरवल थाना क्षेत्र में गौ-तस्करी के आरोपी जाफर से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं सोनभद्र में घोरावल क्षेत्र में गौ-तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी और बड़ी मात्रा में गोवंश, हथियार व वाहन बरामद किए गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। बुलंदशहर में ऑपरेशन ‘लंगड़ा’ के तहत गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हुए, जबकि एक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।