-वीपीएन का इस्तेमाल करके विदेश से भेजा गया था वॉयस मैसेज मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को हाल ही में बिश्नोई गैंग से मिली धमकी और रंगदारी के मामले में पुलिस को जांच में आए दिन नई-नई जानकारी मिल रही है। जानकारी के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने व्हाट्सएप पर वॉयस नोट भेजकर रणवीर सिंह से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। यह धमकी रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना के ठीक बाद भेजी गई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरूआती जांच में पुष्टि हुई है कि वॉयस नोट में हैरी बॉक्सर की आवाज है। यह मैसेज अमेरिकी नंबर से भेजा गया था, जिसके लिए पुलिस अमेरिकी एजेंसियों से संपर्क कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जांच में पता चला कि वॉयस नोट वीपीएन का इस्तेमाल करके विदेश से भेजा गया था। धमकी के बाद रणवीर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच रणवीर के मैनेजर का भी बयान दर्ज कर चुकी है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई एआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है। मामले को लेकर अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। रणवीर सिंह ने मैसेज मिलते ही तुरंत मुंबई पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए उनके आवास पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना रोहित शेट्टी के जूहू स्थित घर पर हुई फायरिंग से जुड़ी हुई मानी जा रही है, जहां कुछ दिन पहले गोलीबारी हुई थी। बिश्नोई गैंग ने पहले भी कई बॉलीवुड हस्तियों को धमकियां भेजी हैं। हैरी बॉक्सर, जो बॉक्सर से गैंगस्टर बना, गैंग का सदस्य है और माना जा रहा है कि विदेश में छिपा हुआ है। मामले में यह जानकारी पहले ही सामने आ चुकी है कि धमकी देने वाले ने अपनी पहचान छुपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया था। सिराज/ईएमएस 20फरवरी26