राज्य
20-Feb-2026
...


-कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े को भेजा पत्र, लिखा-परिवार को समय नहीं दे पा रहा भोपाल (ईएमएस) । भिंड जिले की अटेर सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कटारे ने इस्तीफा पत्र में लिखा कि परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण वे यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को भेजे पत्र में लिखा कि संगठन जिसे चाहे इस पद की जिम्मेदारी दे, वे पूर्ण सहयोग करेंगे। पार्टी ने उन्हें इस योग्य समझा, इसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे। हेमंत कटारे की शुक्रवार को मैरिज एनिवर्सरी थी। वे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे थे, फिर अचानक बाहर आ गए। इसके बाद से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। वे अटेर निकल गए या भोपाल में ही हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। मुरैना जिले की जौरा सीट से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने कटारे के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई गंभीर समस्या नहीं है। जो भी बात है, परिवार के भीतर है और जल्द ही सुलझा ली जाएगी।