* कहा - ‘फिल्म के संदर्भ में दिया था बयान, किसी की भावना आहत हुई हो तो क्षमा चाहती हूं’ अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजराती अभिनेत्री मोना थीबा ने अपने हालिया विवादित बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान उनकी आगामी फिल्म के संदर्भ में था, लेकिन उसे अलग अर्थ में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी फिल्म ‘शक्ति’ के रिसर्च के दौरान वेश्यावृत्ति से जुड़ी महिलाओं से बातचीत के आधार पर यह बात कही थी। यदि मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं दिल से माफी चाहती हूं।” दरअसल, अभिनेत्री हाल ही में राजकोट में अपनी नई गुजराती फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने वेश्यावृत्ति को एक प्रकार की “समाज सेवा” बताया था। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया था कि देह व्यापार के कारण बहनों और बेटियों के साथ होने वाली दुष्कर्म की घटनाएं कम होती हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और मामला तेजी से तूल पकड़ गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी अभिनेत्री के बयान पर नाराजगी जताई है। कई लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सार्वजनिक मंच से बोलते समय अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतनी चाहिए, क्योंकि ऐसे बयान समाज में गलत संदेश दे सकते हैं। फिलहाल, अभिनेत्री द्वारा माफी मांगने के बाद भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर इस पर बहस जारी है। सतीश/20 फरवरी