राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


:: 5 साल में 50 हजार युवाओं को रोजगार का लक्ष्य; NVIDIA और Google सहित कई दिग्गजों से दिल्ली में रणनीतिक करार :: नई दिल्ली/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कोई भी नई तकनीक तभी सार्थक है, जब वह मानवता के हित में अवसरों से भरपूर और कारगर हो। शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के समापन सत्र में सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए स्टेट एआई मिशन लॉन्च करने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मध्यप्रदेश सुशासन, पारदर्शिता और सर्वांगीण विकास के लिए एआई को एक माध्यम के रूप में अपनाएगा। :: वैश्विक टेक दिग्गजों से वन-टू-वन संवाद और एमओयू :: समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीधी चर्चा की। मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के माध्यम से हुए प्रमुख समझौते इस प्रकार हैं: NVIDIA : उपाध्यक्ष सुश्री कैलिस्टा रेडमंड के साथ स्टार्टअप्स को रियायती दरों पर जीपीयू (GPU) उपलब्ध कराने और सॉवरेन एआई पर चर्चा हुई। Google Play : निदेशक कुणाल सोनी के साथ गेमिंग स्टार्टअप्स, एआई स्किलिंग और सिंहस्थ-2028 में डिजिटल सहयोग पर सहमति बनी। GenSpark AI : वैश्विक प्रमुख ब्रेनो मेलो के साथ शासन समाधानों के लिए एमओयू हुआ। Invisid AI : संस्थापक कबीर जैन के साथ डेटा सेंटर में डिजिटल ट्विन तकनीक के लिए समझौता हुआ। Servam AI : सह-संस्थापक डॉ. प्रत्युष कुमार के साथ भारतीय भाषाओं के लिए एआई प्लेटफॉर्म पर चर्चा हुई। Submer Technologies : भारत के अध्यक्ष देव त्यागी को ऊर्जा-कुशल डेटा सेंटर विकास हेतु आशय पत्र (LoI) दिया गया। K-Gen AI : सुश्री श्रुति वर्मा के साथ इंदौर में गेमिंग स्टूडियो स्थापना पर संवाद हुआ। :: डेटा सेंटर के लिए निवेशकों को न्योता :: मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश के पास पर्याप्त लैंड बैंक और बिजली सरप्लस है। उन्होंने भोपाल और इंदौर में एआई फोकस्ड एक्सीलरेटर शुरू करने का भी ऐलान किया। एआई आधारित डेटा सेंटर की स्थापना से प्रदेश के तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी। :: ईको-सिस्टम के 5 मुख्य स्तंभ :: मुख्यमंत्री ने एआई के सर्वांगीण विकास हेतु 5 सूत्रीय मॉडल पेश किया: 1. कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर : साझा जीपीयू और ग्रीन डेटा सेंटर। 2. टैलेंट डेवलपमेंट : कॉलेजों में एआई कोर्स और इंडस्ट्री सर्टिफिकेशन। 3. स्टार्टअप सपोर्ट : 500 से अधिक स्टार्टअप्स को फंडिंग व मेंटरशिप। 4. इंडस्ट्री एडॉप्शन : टेक्सटाइल, फार्मा और ऑटो सेक्टर की क्षमता 20% बढ़ाना। 5. रिसर्च व इनोवेशन : उद्योग जगत से जुड़े रिसर्च सेंटर्स को प्रोत्साहन। :: सिंहस्थ-2028, कृषि और स्वास्थ्य में बदलाव :: वर्ष 2028 में उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा में एआई की ऐतिहासिक भूमिका होगी। कृषि में फसलों की जांच और सिंचाई प्रबंधन, जबकि स्वास्थ्य में सिकल सेल एनीमिया से लड़ने हेतु एआई का लाभ लिया जाएगा। :: विभागीय नवाचारों की सराहना :: मुख्यमंत्री ने गूगल पवेलियन में कंट्री डायरेक्टर आशिष वाटल के साथ पर्यटन नवाचारों पर संवाद किया। प्रदेश के पवेलियन में नगरीय प्रशासन की गरुड़ प्रयोगशाला और पुलिस के एआई फाइनेंशियल मैनेजमेंट की सराहना की गई। इस अवसर पर प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रम, आयुक्त जनसम्पर्क मनीष सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव इलैया राजा टी. और एमपीआईडीसी एमडी चंद्रमौली शुक्ला उपस्थित थे। :: डेटा-एट-ए-ग्लांस :: - रोजगार : अगले 5 साल में 50,000+ नए अवसर। - इंफ्रास्ट्रक्चर : भोपाल-इंदौर में एआई एक्सीलरेटर केंद्र। - ऊर्जा : सोलर आधारित ग्रीन डेटा सेंटर को प्रोत्साहन। - पॉलिसी : इंडस्ट्रियल पॉलिसी में एआई तकनीक का समावेश। प्रकाश/20 फरवरी 2025