राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


:: आत्मनिर्भर भारत का इंदौर मॉडल : नीवक्लाउड के स्टॉल पर डॉ. यादव ने जाना तकनीकी भविष्य; देश का डेटा देश में रखने का संकल्प :: नई दिल्ली/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के दौरान इंदौर के युवा तकनीकी उद्यमी और नीवक्लाउड (NeeveCloud) के फाउंडर एवं सीईओ नरेन्द्र सेन के स्वदेशी विजन की मुक्तकंठ से सराहना की। मुख्यमंत्री ने नीवक्लाउड के प्रदर्शनी स्टॉल का गहराई से अवलोकन किया और सेन से इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि कैसे एक भारतीय कंपनी वैश्विक तकनीकी दिग्गजों को चुनौती देने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एआई, क्लाउड और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर आधार स्तंभ हैं। नरेन्द्र सेन जैसे युवाओं के नवाचार देश को डिजिटल क्षेत्र में न केवल सशक्त बनाएंगे, बल्कि विदेशी निर्भरता को खत्म कर डेटा सुरक्षा भी सुनिश्चित करेंगे। :: मिशन: पहली स्वदेशी AI चिप :: सीईओ नरेन्द्र सेन ने मुख्यमंत्री को एक क्रांतिकारी प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि नीवक्लाउड भारत की पहली स्वदेशी एआई चिप विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य रणनीतिक तकनीक पर भारत का पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करना और चिप सेक्टर में विदेशी एकाधिकार को खत्म करना है। :: देश का डेटा, देश की सीमा में :: संवाद के दौरान नरेन्द्र सेन ने जोर देकर कहा कि डेटा सुरक्षा ही असली डिजिटल संप्रभुता है। नीवक्लाउड और रैकबैंक (RackBank) के माध्यम से ऐसा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है जिससे देश का संवेदनशील डेटा विदेशी सर्वरों पर जाने के बजाय भारत की भौगोलिक सीमाओं के भीतर ही सुरक्षित रहे। मुख्यमंत्री ने इस डेटा सॉवरेन्टी विजन को प्रदेश और देश के लिए अत्यंत गौरवशाली बताया। :: ₹10,000 करोड़ का मेगा निवेश :: नरेन्द्र सेन ने मुख्यमंत्री के समक्ष कंपनी का आगामी पावर-प्लान प्रस्तुत किया : - सुरक्षित निवेश : कंपनी अब तक ₹700 करोड़ का निवेश सफलतापूर्वक सुरक्षित कर चुकी है। - भविष्य का लक्ष्य : आगामी 5 वर्षों में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर्स और सेमीकंडक्टर तकनीक के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। - ऊर्जा दक्षता : रैकबैंक के जरिए ऊर्जा-कुशल और हाई-डेंसिटी एआई डेटा सेंटर्स स्थापित किए जा रहे हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल हैं। :: रोजगार के खुलेंगे नए द्वार :: वर्तमान में नरेन्द्र सेन के नेतृत्व में 150 से अधिक उच्च-कुशल प्रोफेशनल्स इंजीनियरिंग, एआई रिसर्च और डेटा सेंटर ऑपरेशंस के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। प्रस्तावित ₹10 हजार करोड़ के निवेश से मध्यप्रदेश के हजारों युवाओं के लिए हाई-टेक सेक्टर में रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के नए अवसर पैदा होंगे। प्रकाश/20 फरवरी 2025