राज्य
20-Feb-2026


विगत 15 दिनों में 55 लाख से अधिक की संपत्ति जप्‍त भोपाल (ईएमएस)। मध्‍यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में विगत 15 दिनों के दौरान अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध सतत, योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की गई है। विभिन्न जिलों में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस टीमों ने दबिश, तकनीकी विश्लेषण एवं फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर कार्यवाही कर 55 लाख रूपए से अधिक मूल्य की नगदी, वाहन, मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जप्त की है। गुना गुना के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े एवं संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में कुल 22 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। मौके से एक कार, मोबाइल फोन एवं नगदी सहित कुल 15 लाख रूपए मूल्य की संपत्ति जप्‍त की गई। दतिया जिले के थाना इंदरगढ़, जिगना, सिविल लाइन एवं बड़ौनी पुलिस द्वारा अलग-अलग दिनों में लगातार प्रभावी दबिश देकर जुआ फड़ों का भंडाफोड़ किया गया। इन कार्यवाहियों के दौरान 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 8 सौ रूपए नगद, 11 मोबाइल फोन एवं 03 मोटरसाइकिल सहित कुल 4 लाख 10 हजार 800 रूपए की संपत्ति जप्त की गईं। मंडला मंडला में प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर जुआ फड़़ पर सुनियोजित छापा मार कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा मौके से 07 जुआरियों को पकड़ा गया तथा उनके कब्जे से 3 लाख रूपए नगद राशि जप्त की गई। कार्रवाई के दौरान साक्ष्य संकलित कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रकरण दर्ज किया गया। पन्ना पन्ना के देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जुआ फड़ों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया। दबिश के दौरान 02 कार, 01 बोलेरो वाहन, 16 मोबाइल फोन एवं 46 हजार 400 रूपए नगद सहित लगभग 28 लाख रूपए मूल्य की संपत्ति जप्‍त की गयी। बैतूल बैतूल में कोतवाली पुलिस ने जुआ के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 7 हजार 200 रूपए नगद राशि जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। ग्वालियर जिले के थाना मुरार क्षेत्र में पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 1 लाख 94 हजार रूपए नगद राशि, 17 मोबाइल फोन एवं ताश की गड्डियों सहित 5 लाख 4 हजार रूपए की संपत्ति जप्त की गईं। पुलिस द्वारा मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त संदेश गया है। म.प्र. पुलिस द्वारा अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल-112 पर दें सकते हैं। हरि प्रसाद पाल / 20 फरवरी, 2026