राज्य
20-Feb-2026
...


:: रॉन्ग साइड और नो पार्किंग वालों की अब खैर नहीं; पलासिया से रीगल तक हाई-रेजोल्यूशन कैमरों ने दबोचे नियम तोड़ने वाले :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब सड़कों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न केवल मैदानी अमला, बल्कि आसमान से हाई-रेजोल्यूशन ड्रोन कैमरे भी नजर रखेंगे। शुक्रवार को शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्ततम मार्गों पर ड्रोन पेट्रोलिंग की विधिवत शुरुआत की गई, जिससे डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए उल्लंघनकर्ताओं पर त्वरित कार्यवाही संभव हो सकी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस तकनीक का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है। :: कंट्रोल रूम से सर्जिल स्ट्राइक, मौके पर चालान :: ड्रोन पेट्रोलिंग की शुरुआत के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों ने स्क्रीन के माध्यम से पलासिया, गीता भवन, इंद्रप्रस्थ, इंडस्ट्री हाउस, आनंद बाजार और रीगल चौराहा जैसे क्षेत्रों की निगरानी की। ड्रोन फुटेज में जैसे ही कोई वाहन रॉन्ग साइड चलता, नो पार्किंग में खड़ा होता या लेफ्ट टर्न बाधित करता दिखा, तुरंत वायरलेस सेट के माध्यम से मौके पर तैनात पुलिस बल को सूचना दी गई। इस रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के आधार पर कई वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही चालानी कार्यवाही की गई। :: जाम और अतिक्रमण पर भी सीधा प्रहार :: ड्रोन तकनीक न केवल चालान काटने, बल्कि सड़कों को बाधा मुक्त करने में भी मददगार साबित हुई। ड्रोन की मदद से सड़कों पर अवैध रूप से खड़े ठेलों को हटवाया गया और दुकानों के सामने लगी भीड़ को कम कराया गया ताकि यातायात का प्रवाह बना रहे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ड्रोन तकनीक से उन संकरे क्षेत्रों और ऊंचाइयों से नजर रखना आसान हो गया है, जहाँ पुलिसकर्मी भौतिक रूप से तुरंत नहीं पहुँच सकते। :: ड्रोन पेट्रोलिंग के 4 बड़े फायदे :: सटीक कार्यवाही : नियमों का उल्लंघन करने वालों की स्पष्ट पहचान और साक्ष्य। जाम पर नियंत्रण : जाम की स्थिति में यातायात को कंट्रोल रूम से बेहतर तरीके से संचालित करना। त्वरित प्रतिक्रिया : सड़क दुर्घटनाओं या आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुँचाना। नाइट विजन : रात के समय भी अंधेरे मार्गों और चौराहों पर बेहतर निगरानी। :: आमजन के लिए अपील :: इंदौर पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। शहर में सक्रिय डिजिटल निगरानी प्रणाली के तहत अब ड्रोन फुटेज के आधार पर ई-चालान सीधे आपके घर भेजे जाएंगे। आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है। प्रकाश/20 फरवरी 2025