राज्य
20-Feb-2026
...


:: बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अब ऑन द स्पॉट एक्शन; बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस टीमें हटाएंगी अवैध पार्किंग की बाधा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर की सड़कों को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस ने स्मार्ट और क्विक रिस्पांस का नया मॉडल पेश किया है। शहर के चारों यातायात जोन के लिए चार विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति में त्वरित मोर्चा संभालेंगी, बल्कि फुटपाथ पर वाहन खड़े करने और सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध मौके पर ही सख्त कार्यवाही करेंगी। पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने इन टीमों को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि शहर के बढ़ते दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। :: अत्याधुनिक संसाधनों से लैस होगी ट्रैफिक टीम :: प्रत्येक जोन की टीम में एक सूबेदार या उप निरीक्षक के नेतृत्व में कुल 7 पुलिसकर्मी (महिला आरक्षक सहित) तैनात रहेंगे। टीम की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए उन्हें निम्न संसाधन दिए गए हैं: बॉडी वॉर्न कैमरा : कार्यवाही के दौरान विवाद से बचने और पारदर्शिता के लिए हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी। पी.ए. सिस्टम : लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों और नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। व्हील लॉक और क्रेन : मुख्य मार्ग पर खड़े दो/चार पहिया वाहनों को लॉक करने या क्रेन से उठाने की त्वरित सुविधा। पीओएस मशीन : चालान की राशि मौके पर ही डिजिटल माध्यम से जमा करने की व्यवस्था। :: बाजारों और फुटपाथों पर रहेगा विशेष फोकस :: इन विशेष टीमों का मुख्य कार्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आकस्मिक भ्रमण करना होगा। अक्सर देखा जाता है कि दुकानों के बाहर या फुटपाथ पर वाहन खड़े होने से यातायात बाधित होता है। अब ये टीमें मोटर साइकिल पेट्रोलिंग के जरिए ऐसी बाधाओं को तत्काल हटाएंगी। इसके अलावा, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने वालों पर भी इनकी पैनी नजर रहेगी। :: व्यवहार कुशलता के साथ अनुशासन :: वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कार्यवाही के दौरान पुलिस का व्यवहार प्रोफेशनल और कुशल होगा। बॉडी वॉर्न कैमरों के उपयोग से जनता और पुलिस के बीच होने वाले संवाद की निगरानी की जाएगी। इन टीमों के कार्य की समीक्षा स्वयं वरिष्ठ अधिकारी करेंगे ताकि व्यवस्था में निरंतर सुधार होता रहे। प्रकाश/20 फरवरी 2025