राज्य
20-Feb-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के एलआईजी चौराहे पर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की मोहन सरकार के विरुद्ध जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के निर्देशन में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रतीकात्मक पुतले जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस उग्र प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष पुखराज राठौर और बादशाह मिमरोट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार मंत्रियों ने इस्तीफा नहीं दिया, तो यह आंदोलन वार्ड स्तर से लेकर पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा। :: दूषित पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रहार :: प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने मीडिया से चर्चा में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार होने के बाद भी उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल पर निशाना साधते हुए कहा गया कि प्रदेश में बच्चों की मौत के मामलों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। :: सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं :: कांग्रेस ने तीसरे मंत्री विजय शाह के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए कहा कि उनके द्वारा भारतीय सेना को लेकर दिया गया बयान अक्षम्य है। चिंटू चौकसे के निर्देशन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की। ब्लॉक अध्यक्ष पुखराज राठौर और बादशाह मिमरोट ने कहा कि मोहन सरकार धरातल पर पूरी तरह जीरो साबित हो रही है और मंत्री जनहित के मुद्दों के बजाय विवादित बयानों में व्यस्त हैं। प्रकाश/20 फरवरी 2025