राज्य
12-Mar-2026


गाजियाबाद (ईएमएस)। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में जाम खत्म करने के लिए 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड को मंजूरी मिल गई है। जीडीए अगले सप्ताह से पांच गांवों की जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू करेगा। सिटी फॉरेस्ट से एनपीआर तक बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र का यातायात सुगम होगा। राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारने और रोजाना के ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड परियोजना को अंतिम रफ्तार दे दी है। बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने जमीन खरीदने के लिए प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है। यह प्रस्तावित आउटर रिंग रोड लगभग 6.6 किलोमीटर लंबी होगी। यह मार्ग राजनगर एक्सटेंशन के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को बाईपास करते हुए तैयार किया गया है। यह सड़क नूरनगर में सिटी फॉरेस्ट (डी-सेक्शन) से शुरू होकर शाहपुर निजमोरटा में नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड (एनपीआर) तक जाएगी। यह मार्ग राजस्व ग्राम मोरटी, अटौर, आंबापुर, मोरटा और शाहपुर निजमोरटा की भूमि से होकर गुजरेगा। जीडीए सचिव विवेक मिश्रा के अनुसार, परियोजना के लिए कुल 3.9582 हेक्टेयर (लगभग 39,582 वर्ग मीटर) जमीन खरीदी जानी है। मोरटी और आंबापुर की जमीन का अर्जन पहले ही हो चुका है। अटौर, मोरटा और शाहपुर निजमोरटा की शेष जमीन भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी। सहमति पत्र पहले ही मिल चुके हैं, और अगले एक हफ्ते के भीतर बैनामे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026