राज्य
12-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कोचिंग में पढ़ाने वाले टीचर ने 12वीं की 3 लड़कियों के साथ लंबे समय तक रेप किया। आरोपी टीचर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली इन छात्राओं को फोटो-वीडियो वायरल करने और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी देकर चुप कराता था। बुराड़ी इलाके से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक निजी संस्थान का ट्यूशन टीचर पिछले दो साल से अपनी तीन छात्राओं का यौन शोषण कर रहा था। आरोपी टीचर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली इन छात्राओं को फोटो-वीडियो वायरल करने और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी देकर चुप कराता था। पीड़ित छात्राओं ने सोमवार को थाने में अपनी आपबीती बताई। छात्राओं का आरोप है कि आरोपी धीरज चौधरी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, मारपीट और बंधक बनाने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 17 वर्षीय पीड़िता रंजना (परिवर्तित नाम) के अनुसार अक्तूबर 2024 में ट्यूशन टीचर धीरज चौधरी ने जन्मदिन के बहाने पार्टी रखी थी। आरोप है कि पार्टी के दौरान वह शराब के नशे में तीनों छात्राओं से मारपीट करने लगा। दरअसल, उसे पता चला था कि छात्राएं अपने दोस्तों के साथ घूमने गई थीं। पीड़िता के मुताबिक पिछले साल अगस्त में धीरज ने उसे और उसकी एक सहेली को कोचिंग सेंटर बुलाया। वहां आरोपी ने दोनों की बेल्ट से पिटाई की और उनके साथ दुष्कर्म किया। इसके दो दिन बाद उसने तीसरी छात्रा को भी सेंटर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रंजना ने जब घटना की जानकारी परिवार को देने की बात कही तो आरोपी ने धमकी दी कि वह एआई तकनीक से उनकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। पीड़िता के अनुसार सोमवार को आरोपी धीरज एक छात्रा के घर पहुंचा, जहां उसकी मां भी मौजूद थीं। वहां उसने तीनों सहेलियों के चरित्र पर सवाल उठाते हुए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की। इसी दौरान एक छात्रा ने परिजनों के सामने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। आरोप है कि यह सुनते ही धीरज घबरा गया और अचानक कमरे से बाहर निकलकर दरवाजे की कुंडी बाहर से लगाकर मौके से फरार हो गया। अंदर मौजूद लोग कुछ देर तक कमरे में फंसे रहे। बाद में पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद तीनों छात्राओं ने अपने परिजनों को आरोपी की हरकतों के बारे में विस्तार से बताया। पीड़िता की शिकायत पर बुराड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो, मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस को आशंका है कि मामले में और पीड़िताएं सामने आ सकती हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026