मंडला(ईएमएस)।कान्हा टाइगर रिजर्व में अमाही बाघिन टी-141 की बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे मुक्की क्वॉरेंटाइन सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। कान्हा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर (कोर) प्रकाश कुमार वर्मा ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद बाघिन का दाह संस्कार किया जाएगा। बाघिन टी-141 के तीन शावकों की भी हाल ही में मौत हो चुकी है। सरही परिक्षेत्र में 21 अप्रैल को पहले शावक का शव मिला था। इसके बाद 24 अप्रैल को दूसरे और 25 अप्रैल को तीसरे शावक की मौत हुई। लगातार हो रही इन मौतों के बाद पार्क प्रबंधन ने बाघिन और उसके एकमात्र बचे शावक को ट्रेंकुलाइज कर मुक्की क्वॉरेंटाइन सेंटर में स्थानांतरित किया था, जहाँ उनका उपचार चल रहा था। शावकों की मौत के अलग-अलग कारण सामने आए थे। पहले दो शावकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके पेट खाली पाए गए थे, जिससे भूख को मौत का संभावित कारण माना गया। तीसरे शावक का शव जांच के लिए जबलपुर स्थित स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ भेजा गया था। इस दौरान पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ डॉ. समिता राजौरा ने शावक के फेफड़ों में संक्रमण होने की जानकारी दी थी। विनोद, 29 अप्रैल, 2026