राज्य
30-Apr-2026
...


मामला नहीं सुलझा तो विधायक मसूद कराएंगे सबा सुल्तान के खिलाफ एफआईआर भोपाल,(ईएमएस)। मक्का-मदीना में स्थित भोपाल की ऐतिहासिक ‘रुबात’ का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद में अब बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की बहन सबा सुल्तान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने सबा सुल्तान और सिकंदर हफीज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का ऐलान किया है। मक्का-मदीना में भोपाल के नवाबों ने ‘रुबात’ का निर्माण करवाया था। इसका मुख्य उद्देश्य भोपाल के हाजियों को वहां निःशुल्क ठहरने की सुविधा देना था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विधायक आरिफ मसूद का आरोप है कि सबा सुल्तान और सिकंदर हफीज की लापरवाही के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मसूद ने इसे उनकी ‘जहालियत’ करार दिया है। मसूद के मुताबिक पिछले तीन साल से भोपाल के हाजी मक्का-मदीना में दर-दर भटक रहे हैं। रुबात की सुविधा न मिल पाने का खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। मसूद ने आरोप लगाया कि अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने के लिए वक्फ की जमीन को इधर-उधर किया गया है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर विधायक मसूद ने वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनोवर पटेल से मुलाकात की। मसूद ने कहा कि पहले भी इस मामले को सुलझाने के लिए सभी पक्षों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में रुबात को दोबारा शुरू करने का फैसला हुआ था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनोवर पटेल का कहना है कि बोर्ड पहले इस पूरे मामले की अपने स्तर पर जांच करना चाहता है। वहीं, मसूद ने साफ किया कि अगर वक्फ बोर्ड जल्द हल नहीं निकालता, तो वे सीधे एफआईआर दर्ज करवाएंगे। मसूद का दावा है कि उनके पास इस गड़बड़ी से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे पुलिस को सौंपेंगे। सिराज/ईएमएस 30अप्रैल26 --------------------------------