जबलपुर (ईएमएस) । बरगी डैम में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां पर्यटकों को लेकर जा रहा एक क्रूज अचानक डूब गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 15 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसा उस समय हुआ जब क्रूज डैम के बीचों-बीच पहुंचा था। अचानक संतुलन बिगड़ने और पानी भरने के कारण नाव डूबने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य तेजी से चलाया गया, जिसमें स्थानीय मछुआरों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि क्रूज में क्षमता से अधिक लोग सवार थे या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है।