-299 करोड़ का बजट मंजूर, हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा परिसर उज्जैन(ईएमएस)। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। मंदिर प्रबंध समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आधुनिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए करीब 29,974.37 लाख रुपये (लगभग 300 करोड़) का विशाल बजट पारित किया गया है। यह निर्णय आगामी सिंहस्थ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली करोड़ों की भीड़ को सुव्यवस्थित अनुभव देने और मंदिर के बुनियादी ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुसार ढालने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रबंध समिति ने इस बार तकनीक और श्रद्धालुओं के आराम पर विशेष जोर दिया है। महाकाल महालोक क्षेत्र में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से फैब्रिकेशन शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे भक्तों को चिलचिलाती धूप और बारिश से स्थायी राहत मिल सकेगी। दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने के लिए मंदिर प्रशासन अब टेक्नोलॉजी आधारित मैनेजमेंट की दिशा में बढ़ रहा है। इसी क्रम में परिसर में क्यूआर कोड आधारित फ्लैप बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे प्रवेश और निकास प्रक्रिया तेज होगी और कतारों में लगने वाले समय में कमी आएगी। डिजिटल सेवाओं का विस्तार करते हुए मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अन्नदान मॉड्यूल शुरू करने का फैसला लिया गया है। इसके माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने से श्रद्धालु अन्नदान और भोजन बुकिंग कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, सिंहस्थ की तैयारियों के तहत 80 नई स्टील दानपेटियां तैयार की जाएंगी और भीड़ नियंत्रण के लिए 259 लाख रुपये की लागत से 1000 नए बैरिकेड्स लगाने की मंजूरी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मंदिर और महाकाल महालोक के कंट्रोल रूम को एकीकृत कर अत्याधुनिक बनाया जाएगा, जिससे चप्पे-चप्पे पर निगरानी संभव होगी। बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त और महंत विनीत गिरी जी महाराज सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का मानना है कि इन विकास कार्यों से न केवल सिंहस्थ-2028 के दौरान बेहतर प्रबंधन होगा, बल्कि प्रतिदिन आने वाले हजारों भक्तों को भी विश्व स्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। यह व्यापक खाका महाकालेश्वर मंदिर को आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ आधुनिक तीर्थ प्रबंधन का एक उत्कृष्ट केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। वीरेंद्र/ईएमएस/05मई 2026