मनोरंजन
11-May-2026
...


चेन्नई (ईएमएस)। भारतीय दर्शक अब ऐसी फिल्मों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जिनमें संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम न होकर कहानी और किरदारों की भावनाओं का अहम हिस्सा बने। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक एम आर भारती इसी सोच के साथ अपनी नई फिल्म ‘साइकिल गैप’ लेकर आ रहे हैं, जो एक म्यूजिकल ट्रायंगल लव स्टोरी के रूप में चर्चा में बनी हुई है। निर्देशक एम आर भारती ने फिल्म को लेकर कहा कि ‘साइकिल गैप’ एक ऐसी रिलेशनशिप ड्रामा फिल्म है, जिसमें संगीत कहानी की आत्मा की तरह काम करेगा। उनका मानना है कि कई बार इंसान अपनी भावनाओं को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाता, लेकिन संगीत उन एहसासों को बेहद सहज तरीके से सामने ले आता है। यही वजह है कि फिल्म में गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक को बेहद खास महत्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म को आधुनिक युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, लेकिन इसके साथ ही इसमें पुराने दौर की क्लासिक म्यूजिकल रोमांस फिल्मों की भावनात्मक गहराई और खूबसूरती को भी बरकरार रखने की कोशिश की गई है। एम आर भारती इससे पहले भी अपनी फिल्मों में संवेदनशील और भावनात्मक कहानियों के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उनकी फिल्म ‘अझियाधा कोलांगल 2’ को दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी, जबकि हालिया फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ ने प्यार, यादों और सपनों जैसे विषयों को अनोखे अंदाज में पेश कर लोगों का ध्यान खींचा था। फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता नवाज ने भी ‘साइकिल गैप’ को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से ऐसी म्यूजिकल लव स्टोरी पसंद रही हैं, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में बनी रहें। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को भी उसी भावना के साथ बनाया गया है ताकि इसके किरदार और संगीत लोगों के जेहन में लंबे समय तक अपनी जगह बनाए रखें। नवाज ने कहा कि निर्देशक एम आर भारती की कहानियों में गहरी भावनाएं और रिश्तों की सच्चाई देखने को मिलती है। फिल्म में नवाज के साथ शेरी अग्रवाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो इस फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रख रही हैं। वहीं अभिनेता प्रभु शास्ता भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। सुदामा/ईएमएस 11 मई 2026