मनोरंजन
11-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बावजूद हाल ही में आंख की सर्जरी करवाई है। इस काम के लिए अभिनेता ने छोटा ब्रेक लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने यह सर्जरी केरल में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद करवाई। इस फिल्म में उनके साथ विद्या बालन और राशि खन्ना भी नजर आने वाली हैं। बताया जा रहा है कि यह एक मामूली सर्जरी थी, जो दृष्टि सुधार यानी विजन करेक्शन के लिए की गई। सर्जरी 6 मई की सुबह हुई और अब अभिनेता कुछ समय आराम करेंगे। सूत्रों के अनुसार, अक्षय कुमार ने अपने केरल शेड्यूल को पूरा करने के बाद ही सर्जरी का फैसला लिया ताकि शूटिंग पर असर न पड़े। अभिनेता लंबे समय से लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी सेहत को प्राथमिकता देते हुए आराम करने का निर्णय लिया। सर्जरी से ठीक एक दिन पहले अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने लिखा कि केरल में शानदार लोगों के साथ खूबसूरत लोकेशन पर काम करना बेहतरीन अनुभव रहा। अभिनेता ने निर्देशक अनीस बज्मी, सह-कलाकार विद्या बालन, राशि खन्ना, राजपाल यादव और पूरी टीम का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास रही है। अक्षय कुमार इन दिनों अपने अनुशासित जीवनशैली को लेकर भी सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में एक टीवी शो में उन्होंने खुलासा किया था कि उन्होंने पिछले 15 वर्षों से समोसा नहीं खाया है। अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर कोई समोसा नहीं खाता तो इसका मतलब यह नहीं कि वह कुछ गलत कर रहा है। अभिनेता सौरभ शुक्ला ने भी अक्षय कुमार की खानपान की आदतों की तारीफ की। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि अक्षय सीमित मात्रा में बेहद साधारण और पारंपरिक भारतीय खाना खाते हैं। उनके अनुसार, अभिनेता अपनी फिटनेस और दिनचर्या को लेकर काफी अनुशासित हैं। सुदामा/ईएमएस 11 मई 2026