मंडला (ईएमएस)। जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और उनके अस्तित्व को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी मंडला ने धरातल पर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी द्वारा जिले के प्राचीन स्मारकों के संरक्षण और उन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। धरोहरों की दुर्दशा का वीडियो बनाकर प्रशासन को जगाने का प्रयास आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा रामनगर स्थित दल बादल महल, बेगम महल तथा मंडला के किला वार्ड में बचे हुए दो ऐतिहासिक बुर्जों का लगातार भ्रमण किया जा रहा है। इस दौरान किलों और बुर्जों की वर्तमान बदहाली के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से प्रशासन व आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। पार्टी की मांग है कि इन ऐतिहासिक धरोहरों को तत्काल संरक्षित कर इन्हें बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें। आदिवासी क्षेत्र की अनदेखी पर बरसे नेता भ्रमण के दौरान जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडला एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां वर्षों से आदिवासी समाज से ही जनप्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं, इसके बावजूद जिला आज भी पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख दलों के नेताओं ने हमेशा आदिवासी समाज की मूल समस्याओं को नजरअंदाज किया है और चुनाव जीतने के बाद नेता जनता के बीच से गायब हो जाते हैं। इच्छाशक्ति की कमी से बर्बाद हो रहा इतिहास आप नेताओं ने धरोहरों की वर्तमान स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि किलों की यह बदहाली साफ दर्शाती है कि मौजूदा जनप्रतिनिधियों में न तो अपने गौरवशाली इतिहास के प्रति कोई संवेदनशीलता है और न ही जिले के विकास की कोई इच्छाशक्ति। जनता से समर्थन की अपील, आंदोलन की चेतावनी आम आदमी पार्टी मंडला ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए मांग की है कि इन ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी आम जनता को साथ लेकर एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जिलाध्यक्ष पंकज सोनी ने समस्त आदिवासी समाज और जिलेवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर समर्थन देने की अपील की है। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026