छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कोयलांचल के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के हनोतिया में रविवार शाम मातम लेकर आई यहां दो बाईकों की आमने सामने हुई भिडंत ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सडक़ पर कई फीट तक घिसटती चली गईं। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दो युवकों जिनमें सोनू उईके पिता कलीराम उईके निवासी वामनवाड़ा और चमन पिता राम नरेश यादव की सांसें थम चुकी थीं, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे चंद्रभान पिता शंकर यादव की भी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को मरचुरी में रखाया है। सोमवार को उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। टायर फटा अनियंत्रित हुई कार, दो घायल छिंदवाड़ा (ईएमएस)।। मोहखेड़ थाने की उमरानाला चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते उस समय टल गया, जब एक तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक सवारों से जा भिड़ी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिमरिया चिखली मार्ग की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा से नागपुर की तरफ जा रही कार का टायर अचानक ही सिमरिया के पास फट गया जिससे चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित हुई कार सामने से आ रहे बाईक सवारों से जा टकराई। हादसे में बाईक सवार मनोज फटिंग और नागेश सोनुले गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सडक़ किनारे गड्ढे में जा घुसी। दोनों घायल युवकों को १०८ वाहन की मदद से अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026