मनोरंजन
18-May-2026
...


हैदराबाद (ईएमएस)। साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुपर स्टार की टीम ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता के नाम पर चलाए जा रहे कुछ चैरिटी अभियानों से उनका कोई संबंध नहीं है। जूनियर एनटीआर की टीम ने बयान में कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कुछ फैन ग्रुप्स अभिनेता के नाम का इस्तेमाल कर सोशल कैंपेन चला रहे हैं और लोगों से पैसे इकट्ठा कर रहे हैं। टीम ने साफ किया कि अभिनेता न तो ऐसे किसी अभियान से जुड़े हैं और न ही उन्होंने किसी को इसकी अनुमति दी है। बयान में कहा गया कि अभिनेता की छवि और लोकप्रियता का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोगों को भ्रमित किया जा सकता है। टीम ने फैंस, शुभचिंतकों और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन जूनियर एनटीआर के नाम पर पैसे मांगता है या किसी चैरिटी अभियान को अभिनेता से जुड़ा बताता है, तो उस पर भरोसा न करें। अभिनेता की ओर से होने वाली हर आधिकारिक घोषणा केवल उनके आधिकारिक प्लेटफॉर्म या उनके कार्यालय के जरिए ही साझा की जाती है। इसलिए किसी भी लिंक, पोस्ट या ऑनलाइन फंडरेजिंग अभियान में पैसा देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। बयान में यह भी कहा गया कि जूनियर एनटीआर हमेशा अपने प्रशंसकों के प्यार और समर्थन की कद्र करते हैं, लेकिन उनके नाम का गलत इस्तेमाल करना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। टीम ने लोगों से ऐसे फर्जी अभियानों से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है। इधर, जूनियर एनटीआर अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। खास तौर पर निर्देशक प्रशांत नील के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म एनटीआरनील का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 18 मई 2026