सिवान, (ईएमएस)। बिहार के सिवान जिले के अंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में एक बेटे और उसकी पत्नी पर अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी दंपती को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने हमला कर दिया और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। मृतका की पहचान 58 वर्षीय पनपती देवी, पति कन्हैया यादव, के रूप में हुई है। वहीं आरोपितों में उनका बेटा बबलू यादव और बहू रिंकू देवी शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से दोनों को हिरासत में लिया गया। सदर-2 एसडीपीओ गौरी कुमारी ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका के पति कन्हैया यादव ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले उनकी पत्नी और बहू रिंकू देवी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद विदेश में काम कर रहे बेटे बबलू यादव ने फोन पर अपनी मां को जान से मारने की धमकी दी थी। करीब एक सप्ताह पहले बबलू गांव लौटा था। कन्हैया यादव का आरोप है कि बबलू और रिंकू ने मिलकर साड़ी से गला दबाकर पनपती देवी की हत्या कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि 11 मई को उन्होंने थाना में आवेदन देकर पत्नी की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। एसडीपीओ ने कहा कि एसपी पूरन कुमार झा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। संतोष झा- १८ मई/२०२६/ईएमएस