राज्य
18-May-2026


- लाखों का नुकसान, कोई जनहानि नहीं जमशेदपुर (ईएमएस)। लौहनगरी के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई एक नंबर रोड पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी दो निजी बसों में अचानक भीषण आग लग गई। रात के सन्नाटे में आग की लपटें इतनी तेज और विकराल थीं कि देखते ही देखते दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आसमान छूती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस अग्निकांड की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ी एक बस में अचानक बिजली की खराबी के कारण चिंगारी निकली, जिसने तुरंत ही भयानक आग का रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग ने चंद मिनटों में ही पास खड़ी दूसरी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर उलीडीह थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों बसें लोहे के कंकाल में तब्दील हो चुकी थीं। इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि देर रात होने के कारण बसों के भीतर कोई भी यात्री या स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दो बड़ी बसों के नष्ट होने से वाहन मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रामयश/ईएमएस 18 मई 2026