रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में अघोषित बिजली कटौती और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर डीडी नगर क्षेत्र के पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक-40 के निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने और विभागीय बहानेबाजी के खिलाफ डिविजन कार्यालय का घेराव किया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हल्की बारिश या हवा चलते ही क्षेत्र की बिजली बंद कर दी जाती है और हर बार “33 केवी फॉल्ट” का कारण बताया जाता है। इसके अलावा लो वोल्टेज, एक फेस की समस्या और बार-बार ट्रांसफार्मर फेल होने जैसी दिक्कतें भी लगातार बनी हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान पूर्व संसदीय सचिव और रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने राज्य सरकार और विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और आम जनता लगातार परेशान हो रही है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहे हैं और कस्टमर केयर नंबर भी अक्सर व्यस्त रहता है। उन्होंने कहा कि वार्डों में जर्जर तारों और खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत समय पर नहीं की जा रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने बिजली आपूर्ति को नियमित और सुचारु बनाने की मांग की। - (ईएमएस)18 मई 2026