क्षेत्रीय
18-May-2026
...


जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय पेट्रोल पंप के पास आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार” जैसे नारे लगाए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक व्यास कश्यप , नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर और अन्य कांग्रेस नेताओं ने किया। विधायक व्यास कश्यप ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 में महंगाई कम करने और “अच्छे दिन” लाने का वादा किया गया था, लेकिन आज आम जनता बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसे उन्होंने “चुनावी वसूली” करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे बेरोजगारी और घरेलू खर्च दोनों बढ़ गए हैं। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ ने भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंप के पास प्रदर्शन किया और आम लोगों से संवाद किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी आम जनता की आवाज उठाते हुए महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी। - (ईएमएस) 18 मई 2026