राज्य
18-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 19 और 20 मई के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कई दिनों तक तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर में अब गर्मी और ज्यादा परेशान करने वाली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है। सोमवार (18 मई) की सुबह भी राजधानी में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना बताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 18 से 23 मई के बीच दिल्ली का मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 19 और 20 मई के लिए लू का यलो अलर्ट भी जारी किया है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों को दिन के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान 10 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और गर्म हवाएं चल सकती हैं। दोपहर के समय बाहर निकलने वालों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को लू से बचने की जरूरत है। रविवार (17 मई) को भी राजधानी में गर्मी का असर साफ देखने को मिला। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। गर्मी के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी पूरी तरह राहत देने वाली नहीं रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, रविवार शाम 4 बजे राजधानी का एक्यूआई 174 दर्ज किया गया। यह ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ मई/2026