यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बयां की अपने संघर्ष की कहानी गाजीपुर,(ईएमएस)। यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह के मंच से अपनी संघर्ष गाथा बयां की। उन्होंने बताया किया बनारस में पढ़ाई के दौरान रात में ऑटो चलाकर गुजारा करने वाले राजभर को ओवरलोड सवारी बैठाने पर एक टीआई ने बीच सड़क पर थप्पड़ मार दिया था। इस अपमान ने उनके अंदर बड़ा बनने की आग जगा दी, जिसके बाद बहुजन नेता कांशीराम से मुलाकात कर वे राजनीति में आए। साल 2017 में मंत्री बनने के बाद उन्होंने उस रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर जाकर उन्हें सलाम किया। डीएम अनुपम शुक्ल, विधायक बेदीराम और एमएलसी विशाल सिंह चंचल की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में राजभर ने जिले के 375 अनुदेशकों के खातों में बढ़ा हुआ मानदेय ऑनलाइन ट्रांसफर किया। उन्होंने बताया कि अनुदेशकों को पहले मिलने वाले 7 हजार रुपए के मानदेय को अब बढ़ाकर 17 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। सरकार का यह फैसला 1 अप्रैल से प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सम्मान समारोह के मंच से ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेश में भारत को कटघरे में खड़ा करने का आरोप लगाया, जबकि अखिलेश यादव के पिंक या पीडीए नारे पर तंज कसते हुए उसे परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी करार दिया। मुस्लिम नेताओं और मदनी से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने सरकार के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि भारत में रहना होगा तो वंदे मातरम कहना होगा। सिराज/ईएमएस 18मई26 -------------------------------