बिलासपुर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों एवं आम नागरिकों को शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मां महामाया ट्रस्ट एवं स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री नवदुर्गा शक्तिपीठ मंदिर समिति, जराहाभाटा मंदिर चौक में वाटर कूलर स्थापित किया गया। इसका विधिवत उद्घाटन सीएमडी कॉलेज के अध्यक्ष एवं चेयरमैन संजय दुबे ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर संजय दुबे ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में राहगीरों और आम लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय सेवा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। फाउंडेशन की अध्यक्ष चंचल सलूजा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष प्याऊ घर एवं वाटर कूलर की व्यवस्था कर आमजन को राहत पहुंचाई जाती है। संस्था लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के सचिव नवीन दुबे ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्याऊ घर एवं वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं। विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। कार्यक्रम में संस्था की संस्थापिका ऋतु साहू, श्वेता सिंह, रम्या सुभाष, विजय लक्ष्मी, विमला रजक सहित श्री नवदुर्गा शक्तिपीठ मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से बृजभान सिंह ठाकुर, दौलत सिंह ठाकुर, अध्यक्ष ओंकार प्रसाद साजवानी, बृजलाल यादव, मनोज यादव, विंटेश अग्रवाल, द्वारिका ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर एवं सोना ठाकुर मौजूद रहे। - 18 मई 2026